हादसे का इंतजार कर रहे विभाग?
देहरादून। राजधानी देहरादून के सिनौला गांव से जोड़ी गांव, अनारवाला होते हुए कैंट क्षेत्र तक जाने वाली सड़क की बदहाल स्थिति ने लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) और नगर निगम की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े कर दिए हैं। हैरानी की बात यह है कि हाल ही में सड़क का निर्माण होने के बावजूद जगह-जगह गहरे गड्ढे बने हुए हैं। इससे राहगीरों और वाहन चालकों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। सड़क की स्थिति को लेकर स्थानीय स्तर पर नाराजगी बढ़ रही है।
सड़क की समस्या को लेकर पहले भी खबर प्रकाशित की जा चुकी है, लेकिन इसके बावजूद संबंधित विभागों ने अब तक कोई ठोस कदम नहीं उठाया है। लोगों का कहना है कि पीडब्ल्यूडी और नगर निगम किसी बड़ी दुर्घटना के होने का इंतजार कर रहे हैं। यदि समय रहते सड़क की मरम्मत नहीं की गई, तो कोई गंभीर हादसा हो सकता है।

सड़क निर्माण के कुछ ही समय बाद जगह-जगह गड्ढे बनना निर्माण कार्य की गुणवत्ता पर भी सवाल खड़े करता है। इसके बावजूद जिम्मेदार विभागों की ओर से न तो समस्या के समाधान के लिए प्रभावी कार्रवाई होती दिखाई दे रही है और न ही सड़क की स्थिति सुधारने की दिशा में गंभीरता नजर आ रही है।
वहीं, प्रदेश सरकार के सारे दावे फेल होते नजर आ रहे हैं, सड़कों को बेहतर बनाने और आम जनता को सुरक्षित आवागमन उपलब्ध कराने के दावों के बीच सड़क की यह स्थिति सरकारी व्यवस्थाओं की हकीकत बयां कर रही है। अब देखना होगा कि संबंधित विभाग किसी बड़े हादसे से पहले जागते हैं या फिर लोगों को इसी बदहाल सड़क पर आवाजाही करने के लिए मजबूर होना पड़ेगा।


